पहले चोरी, अब वसूली! कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज पार्किंग में धांधली, वीडियो हुआ वायरल

कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज की पार्किंग में लगातार बढ़ रही अव्यवस्था और सुरक्षा की कमी अब एक बार फिर सुर्खियों में है। पहले यहां पर्ची कटवाने के बावजूद मोटरसाइकिलों की चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिनका आज तक कोई पता नहीं चला। स्टैंड संचालक और कर्मचारी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते रहे हैं।

अब सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो तेजी से फैल रहा है, जिसमें एक कार मालिक ने खुलासा किया है कि पार्किंग में किस तरह की धांधली और संभावित अवैध वसूली का खेल चल रहा है। वीडियो में दावा किया गया है कि वाहन स्टैंड की आड़ में लोगों से जबरन पैसे ऐंठे जा रहे हैं, जबकि सुरक्षा का नामोनिशान नहीं है।

सवाल यह उठता है:
क्या कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज की पार्किंग में अवैध वसूली का सिस्टम चल रहा है?

मेडिकल कॉलेज प्रशासन इन घटनाओं से अनजान है या जानबूझकर आंखें मूंदे बैठा है?

पिछले कुछ महीनों में भी अस्पताल परिसर में पार्किंग की समस्या चरम पर रही है। नवंबर 2025 में मुक्तांजलि वाहन घंटों फंसने से दो शवों के परिवहन में देरी हुई थी, जिससे परिजन काफी परेशान हुए थे। चोरियों की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं, जिससे मरीजों और परिजनों में दहशत का माहौल है।

यह मामला न केवल सुरक्षा का है, बल्कि आम लोगों के साथ हो रही मनमानी का भी है। प्रशासन को तत्काल जांच कर पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है।