गढ़कटरा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध रूप से संग्रहित 3.37 घन मीटर साल-बीजा लकड़ी जब्त

कोरबा। कोरबा वनमंडल के बालको वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गढ़कटरा में अवैध वनोपज भंडारण की गुप्त सूचना पर वन विभाग ने बड़ी छापामार कार्रवाई की। तीन घरों की तलाशी में भारी मात्रा में अवैध रूप से कटी बीजा/साल प्रजाति की लकड़ी बरामद हुई।

कार्रवाई वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के आदेश पर उपवनमंडलाधिकारी आशीष खेलवार के निर्देशन में हुई।

बालको वन परिक्षेत्र अधिकारी जयंत सरकार और पसरखेत वन परिक्षेत्र अधिकारी देवदत्त खांडे ने संयुक्त रूप से कार्रवाई का नेतृत्व किया।

सर्च वारंट के आधार पर तीन घरों में छानबीन की गई। यहां से क्रमशः 46 नग, 58 नग चिरान व 4 नग लट्ठे तथा 53 नग चिरान बरामद हुए। कुल 161 नग चिरान एवं लट्ठे जब्त किए गए, जिनकी मात्रा लगभग 3.37 घन मीटर आंकी गई है। जब्त लकड़ी का बाजार मूल्य दो लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है।

कार्रवाई में बालको, पसरखेत, लेमरू और कोरबा परिक्षेत्र के अधिकारी-कर्मचारियों की संयुक्त टीम शामिल रही। मामले में वन अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।