कोरबा। कोरबा-पश्चिम क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल कुसमुंडा एरिया की आदर्श नगर कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। कॉलोनी के प्रमुख एवं चिन्हित स्थानों पर कैमरे लगाए जाने से 24 घंटे निगरानी संभव हो सकेगी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।
उल्लेखनीय है कि आदर्श नगर कॉलोनी परिसर में डीएवी एवं केवी स्कूल कुसमुंडा भी संचालित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की आवाजाही रहती है। ऐसे में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से न केवल कॉलोनीवासियों, बल्कि स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
एसईसीएल कुसमुंडा एरिया की आदर्श नगर और विकास नगर कॉलोनियों में कर्मचारी अपने परिवारों के साथ निवास करते हैं। बीते वर्ष कॉलोनी में कपड़े चोरी होने और घरों के बाहर लगे बल्बों की चोरी जैसी घटनाएं सामने आई थीं, जिससे कर्मचारियों के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ गई थी।
इन घटनाओं को देखते हुए श्रमिक संगठनों द्वारा कॉलोनी में हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई थी, ताकि चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान की जा सके।
अब एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन ने विभागीय कॉलोनियों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में पहल करते हुए कैमरे लगाने का कार्य शुरू कर दिया है।
एसईसीएल कुसमुंडा में लगभग 3100 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें से अधिकांश आदर्श नगर एवं विकास नगर कॉलोनियों में रहकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
इस संबंध में भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ कोरबा- कुसमुंडा के महामंत्री रंजय सिंह ने बताया कि कॉलोनी परिसर की सुरक्षा को लेकर बीएमएस संगठन ने प्रबंधन के समक्ष सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग रखी थी, जिसे अब अमल में लाया गया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















