कोरबा। कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन की सुविधा उपलब्ध न होने से मरीजों और उनके परिजनों को गंभीर परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। प्रशासन द्वारा सीएसआर एवं डीएमएफ फंड से मशीन खरीदने के लिए राशि आवंटित की जा चुकी है, लेकिन सप्लायरों की रुचि न होने से टेंडर प्रक्रिया अभी तक अधर में लटकी हुई है।
सीटी स्कैन सुविधा के अभाव में मरीजों को मजबूरन निजी अस्पतालों और लैबों की शरण लेनी पड़ रही है, जहां ऊंचे शुल्क के कारण आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। अस्पताल प्रबंधन ने शहर के दो निजी अस्पतालों से रियायती दरों पर जांच कराने के लिए टाइअप किया था, लेकिन सीजीएचएस दरों को लेकर यह व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू नहीं हो पा रही है।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक डॉ. गोपाल कंवर ने बताया कि मशीन की आपूर्ति के लिए किसी फर्म के आगे आने का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने माना कि टाइअप के बावजूद कई मरीजों को निजी अस्पतालों में पूरा शुल्क देना पड़ रहा है, जबकि कुछ मरीज बिना जांच कराए ही वापस लौटने को मजबूर हो रहे हैं।
निजी लैबों में अधिक शुल्क वसूले जाने की शिकायतों को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने निजी अस्पताल संचालकों के साथ बैठक की तैयारी शुरू कर दी है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी एस.एन. केसरी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का निजी अस्पतालों से टाइअप मौजूद है। आयुष्मान कार्ड एक बार ब्लॉक हो जाने के बाद मरीज से शुल्क नहीं वसूला जा सकता। इस मामले में आने वाली शिकायतों की जांच कराई जाएगी।
अस्पताल में इस आवश्यक सुविधा की कमी से मरीजों की परेशानी दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सीटी स्कैन मशीन उपलब्ध कराई जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















