कोरबा। कोरबा जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई अनवरत जारी है। जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत के सख्त निर्देश पर खनिज अमले ने चूना पत्थर के अवैध उत्खनन के 12 प्रकरण दर्ज किए हैं, जबकि रेत के अवैध परिवहन के 3 प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं।
इसके अलावा राजस्व विभाग ने ग्राम ढेलवाडीह में अवैध मिट्टी उत्खनन और ईंट निर्माण की गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई की। यहां 7 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध ईंट निर्माण रोकवाया गया और बड़ी संख्या में ईंटें जब्त की गईं।
जिले में वर्तमान में रेत की 20 खदानें स्वीकृत हैं, जहां से नियमानुसार रेत की आपूर्ति की जा रही है। साथ ही 2 अन्य खदानों की ई-निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इन स्वीकृत खदानों के अलावा कहीं से भी रेत का उत्खनन या परिवहन अवैध माना जाएगा और ऐसे मामलों में खनिज विभाग द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में जिला खनिज अधिकारी प्रमोद नायक ने कहा कि खनिज विभाग की टीम लगातार अवैध उत्खनन और परिवहन पर नजर रखे हुए है। जिले में 20 खदानें विधिवत संचालित हो रही हैं। अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन की यह मुहिम अवैध खनन पर अंकुश लगाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से चलाई जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















