कोरबा। जिले में चल रही शीतलहर और कड़ाके की ठंड एक ग्रामीण के लिए जानलेवा बन गई। सरईसिंगार निवासी 55 वर्षीय हरप्रसाद भैना की कथित रूप से ठंड से ठिठुरकर मौत हो गई। उनका शव बुधवार सुबह कटघोरा क्षेत्र के कसईपाली सलिहापारा स्थित यात्री प्रतीक्षालय में मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को हरप्रसाद भैना कटघोरा विकासखंड के रलिया गांव में आयोजित एक छठी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद शाम को भोजन करके वे करीब 30 किलोमीटर की दूरी पैदल ही घर लौटने निकले।
रास्ते में चाकाबुड़ा के पास सलिहापारा पहुंचते-पहुंचते रात काफी हो गई और अत्यधिक ठंड के कारण थकान महसूस होने पर उन्होंने यात्री प्रतीक्षालय में रुककर आराम करने का फैसला किया।
बुधवार सुबह राहगीरों ने प्रतीक्षालय में हरप्रसाद का शव अकड़ी हुई अवस्था में पड़ा देखा। इससे ठंड लगने से मौत की आशंका हुई। ग्रामीणों ने तुरंत सरपंच उमा बाई (पति रामकुमार मरकाम) को सूचना दी, जिन्होंने डायल 112 पर कॉल किया।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मृतक की जेब से मिले पर्स के आधार पर शिनाख्त की, जिसमें नाम और पता सरईसिंगार का लिखा था। दीपका थाना और सरईसिंगार पुलिस को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया शव की स्थिति और मौसम की परिस्थितियों से मौत ठंड के कारण लग रही है, लेकिन सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगा।
गौरतलब है कि कोरबा जिले में इन दिनों शीतलहर का कहर जारी है। न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है, जबकि बुधवार रात को 7 डिग्री दर्ज किया गया।
इस स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एमडी मेडिसिन डॉ. वेद ने लोगों से अपील की है कि वे ठंड से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतें और सेहत के प्रति सतर्क रहें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















