धीवर समाज का पारिवारिक मिलन समारोह हर्षोल्लास से संपन्न, मंत्री लखन लाल देवांगन ने सामुदायिक भवन हेतु 10 लाख की घोषणा

कोरबा। धीवर समाज ट्रस्ट कोरबा द्वारा आयोजित द्वितीय नववर्ष एवं पारिवारिक मिलन समारोह 5 जनवरी को एसईसीएल मानिकपुर स्थित जूनियर रिक्रिएशन क्लब में भव्य एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीरामचंद्र जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके पश्चात अतिथियों का शाल एवं श्रीफल से आत्मीय स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, श्रम, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन रहे, जबकि नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि समाज की प्रगति से ही प्रदेश और राष्ट्र सशक्त होते हैं। धीवर समाज प्रभु श्रीराम के आदर्शों पर चलने वाला समाज है और उन्हें समाज का निरंतर स्नेह एवं समर्थन प्राप्त रहा है। इस अवसर पर उन्होंने धीवर समाज के सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये की स्वीकृति की घोषणा करते हुए शीघ्र भूमि पूजन किए जाने का आश्वासन दिया।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने समारोह को सामाजिक एकता, सांस्कृतिक समरसता एवं पारिवारिक सौहार्द का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में नगर निगम के निर्विरोध पार्षद नरेन्द्र देवांगन एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष  प्रफुल्ल तिवारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान समाज की विभिन्न प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। छोटे बच्चों के नृत्य की विशेष सराहना करते हुए उन्हें मंच से सम्मानित किया गया।

उक्त कार्यक्रम में अन्य विशिष्ट अतिथि के रूप में धीवर समाज महासभा बिलासपुर संभाग के पूर्व संरक्षक बलिराम लहिमोर अध्यक्ष देवव्रत भीष्म ,उपाध्यक्ष जगदीश धीवर , महासचिव वेदप्रकाश धीवर , कोषाध्यक्ष महावीर धीवर , सहसचिव बंशीलाल धीवर , प्रवक्ता एवं वरिष्ठ समाज सेवक अशोक जलतारे , मीडिया प्रभारी मनीष भीष्म , विधिक सलाहकार सुनीता धीवर , महासभा कार्यकारिणी सदस्य क्रमशः रणजीत धीवर , प्रकाश धीवर , मुरली धीवर , बजरंग धीवर , उत्तम धीवर , अर्जुन धीवर  एवं  रेंज अध्यक्ष क्रमशः भागीरथी धीवर  नवागढ़ रेंज, भुनेश्वर धीवर  जैजैपुर रेंज, अनिल धीवर कोसमंदा रेंज, विशेश्वर धीवर  बलौदा रेंज शामिल हुए!

कार्यक्रम में महासभा अध्यक्ष देवव्रत भीष्म, पूर्व संरक्षक बलिराम लहिमोर, समाज प्रवक्ता अशोक जलतारे का भी उदबोधन प्राप्त हुआ जिसमें उनके द्वारा संगठित एवं सशक्त धीवर समाज के निर्माण में प्रत्येक स्वजातीय बंधुओं को आगे बढकर अपना योगदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

कोरबा शहरी क्षेत्र से 100 से अधिक परिवारों ने भाग लिया तथा मंच से पारिवारिक परिचय दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष राजेश धीवर ने की तथा संचालन भी किया। ट्रस्ट पदाधिकारियों व समाजसेवियों के योगदान की सराहना की गई। अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।

इस आयोजन से धीवर समाज में एकता व उत्साह का संचार हुआ तथा संगठित होकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया।