पतंजलि व भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के स्थापना दिवस पर कोरबा में वृहद् निशुल्क आयुर्वेद एवं दंत चिकित्सा शिविर, 351 मरीज हुए लाभान्वित

कोरबा। पतंजलि योगपीठ दिव्य योग मंदिर ट्रस्ट हरिद्वार के 32वें एवं भारत स्वाभिमान ट्रस्ट हरिद्वार के 18वें स्थापना दिवस के अवसर पर 5 जनवरी 2026, सोमवार को पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स निहारिका में वृहद् निशुल्क दंत रोग, अस्थि खनिज घनत्व जांच (बोन मिनरल डेंसिटी टेस्ट) तथा आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी सिंह राजपूत मुख्य अतिथि रहीं, जबकि नीमा छत्तीसगढ़ के प्रांतीय सचिव डॉ. विकास अग्रवाल विशिष्ट अतिथि एवं श्री शिव औषधालय के संस्थापक नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे।

शिविर का शुभारंभ सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं शिविरार्थियों द्वारा भगवान धन्वंतरि एवं भारत माता के तैल चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ।

मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती संजू देवी सिंह राजपूत ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि आयुर्वेदिक चिकित्सा के कोई दुष्प्रभाव नहीं होते और यह रोगों को जड़ से समाप्त करने में सक्षम है। उन्होंने नागरिकों से आयुर्वेद को अधिक से अधिक अपनाने का आह्वान किया।

शिविर में गुजरात आयुर्वेद डेंटिस्ट्री के दंत चिकित्सक डॉ. विकास अग्रवाल, पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित अनुभवी नाड़ीवैद्या डॉ. वागेश्वरी शर्मा, नाड़ीवैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा, आयुष चिकित्सक डॉ. संजय वैष्णव, डॉ. प्रदीप सिंह कश्यप एवं पंडित शिव कुमार शर्मा ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

डॉ. विकास अग्रवाल ने 63 दंत रोगियों की जांच की तथा शुगर व ब्लड प्रेशर से ग्रसित 18 जटिल रोगियों के दांत बिना दर्द निवारक दवा के जालंधर बंध पद्धति से सफलतापूर्वक निकाले, जिसकी रोगियों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।

शिविर में 126 मधुमेह रोगियों की निःशुल्क रक्त शर्करा जांच की गई। कुल 351 महिला-पुरुष एवं बाल रोगियों को आंख, नाक, कान, गला, दंतरोग, चर्मरोग, गुदरोग, शिशु रोग, स्त्री रोग,वात व श्वास रोग सहित विभिन्न रोगों के लिए आयुर्वेदिक परामर्श, आहार-विहार, दिनचर्या-ऋतुचर्या संबंधी मार्गदर्शन दिया गया।

साथ ही मण्डूकासन, शशकासन, पादहस्तासन, वक्रासन, मर्कटासन तथा भस्त्रिका,कपालभातिऔरअनुलोम-विलोम प्राणायाम का विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।


शिविर से लाभान्वित रोगियों ने उपचार, परामर्श एवं योग प्रशिक्षण से संतोष व्यक्त करते हुए आयोजकों व चिकित्सकों के प्रति आभार जताया। आयोजन में कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, योग शिक्षक संजय कुर्मवंशी, राजेश प्रजापति, दुर्गेश राठौर, इन्द्रनारायण जायसवाल, धर्मेंद्र सिंह यादव सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं व गणमान्य नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही।