अफरा-तफरी का माहौल, एनटीपीसी टीम ने घंटों मशक्कत कर नियंत्रित की स्थिति; ग्रामीणों ने की नियमित रखरखाव की मांग
कोरबा। एनटीपीसी प्लांट के मुख्य गेट के पास बस्ती से सटे इलाके में राखड़ (फ्लाई ऐश स्लरी) पाइपलाइन फटने से बड़ी अफरा-तफरी मच गई। पाइपलाइन से उच्च दबाव के साथ राख मिश्रित पानी बाहर निकलने लगा, जिससे करीब 10 फुट ऊंचा फव्वारा बन गया। यह राख युक्त पानी सड़कों, पेड़-पौधों और आसपास के क्षेत्र में फैल गया, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही एनटीपीसी के अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। टीम ने मरम्मत कार्य शुरू किया और पाइपलाइन के दबाव को नियंत्रित करने के लिए कई घंटों तक कड़ी मशक्कत की। अंततः मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद स्थिति सामान्य हो गई, जिससे कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय ग्रामीणों और निवासियों ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई है। उनका कहना है कि एनटीपीसी को राखड़ पाइपलाइन सिस्टम की नियमित निगरानी और मजबूतीकरण करना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। राख मिश्रित पानी के फैलाव से पर्यावरण और स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

