पूर्वांचल विकास समिति के बाउंड्री वॉल का भूमि पूजन: कैबिनेट मंत्री और महापौर ने कहा- सभी समाज को दे रहे हैं सहयोग

कोरबा। पूर्वांचल विकास समिति कोरबा के भवानी मंदिर कौशल्या धाम परिसर के निकट स्थित भवन को सुरक्षित करने के लिए 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाली बाउंड्री वॉल का भूमि पूजन समारोह आयोजित हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

भूमि पूजन करते हुए कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि मंत्री बनने के बाद उन्होंने हर समाज की मांग पर भवन निर्माण या सुविधाओं में सहयोग दिया है। पूर्वांचल विकास समिति की इस मांग पर 25 लाख रुपये से बाउंड्री वॉल का निर्माण शुरू किया जा रहा है।

उन्होंने पूर्वांचल समिति की जनसेवा की भावना की सराहना की और आश्वासन दिया कि किसी जरूरतमंद को निराश नहीं होने दिया जाएगा, क्योंकि अंत में सत्य की ही जीत होती है।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम के 67 वार्डों में समान रूप से विकास कार्य चल रहे हैं और किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा।

पूर्वांचल विकास समिति की अपेक्षाओं को पूरा करने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।

भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि पूर्वांचल के लोग जहां भी जाते हैं, उस क्षेत्र को विकसित और सुंदर बना देते हैं। हम सब मिलकर छत्तीसगढ़ के विकास में योगदान देते रहेंगे।

समारोह को क्षेत्रीय पार्षद नरेंद्र देवांगन, पूर्वांचल विकास समिति के अध्यक्ष रामाश्रय पांडे और अशोक शर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन समिति के संगठन मंत्री वेद प्रकाश यादव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शैलेंद्र सिंह यादव ने किया।

इस कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने जनसेवा और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।