नमामि हसदेव की मांग: नए साल में हसदेव नदी पर रिवर फ्रंट बनाए प्रशासन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

कोरबा। हसदेव नदी के संरक्षण और पर्यटन विकास के लिए सक्रिय नमामि हसदेव सेवा समिति ने जिला प्रशासन से बड़ी मांग की है। समिति ने दर्री बांध से कुदुरमाल पुल तक हसदेव नदी के दोनों किनारों पर रिवर फ्रंट विकसित करने की मांग उठाई है। समिति का कहना है कि इससे नदी के किनारे साफ-सुथरे होंगे, प्रदूषण पर नियंत्रण होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

समिति ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में कहा कि वर्ष 2026 में इस योजना को अमल में लाया जाए। रिवर फ्रंट से न केवल पर्यावरण सुधार होगा, बल्कि नदी से जुड़ी संस्कृति और पारिस्थितिकी भी संरक्षित होगी। लोग नदी के करीब आएंगे, अध्ययन-भ्रमण जैसी गतिविधियां बढ़ेंगी और प्रदूषण से निपटने के लिए जल उपचार संयंत्र लगाने जैसे सुझाव भी दिए गए हैं।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधि मंडल में संरक्षक श्रेष्ठ सिंह ठाकुर, अध्यक्ष चन्द्र किशोर श्रीवास्तव, कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर पाण्डेय, उपाध्यक्ष शैलेश पाण्डेय, संयुक्त सचिव विजय कुमार राठौर, आचार्य प्रमुख रवि शंकर मिश्रा, श्री हनुमान चालीसा पाठ प्रमुख अखिलेश भारती और सह प्रमुख मनीष मैत्री शामिल थे।

हसदेव नदी कोरबा की जीवनरेखा है, लेकिन औद्योगिक प्रदूषण से प्रभावित होने के कारण ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण हैं।