डांस देखने गया युवक कुछ ही घंटों में मिला मृत

उरगा क्षेत्र में संदिग्ध हालत में मिला शव, मर्ग कायम कर जांच शुरू

कोरबा।उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुमान गांव में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सक्ती जिले के नगरदा गांव निवासी 35 वर्षीय सुखदेव केवट के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुखदेव केवट सोमवार रात अपने गांव के दोस्तों सुनील कंवर और बद्री नारायण के साथ बाइक से उरगा थाना क्षेत्र के तुमान गांव में आयोजित डांस कार्यक्रम देखने गया था। तुमान पहुंचने के बाद तीनों कबड्डी प्रतियोगिता देखने चले गए। इसी दौरान सुखदेव बाइक की चाबी लेकर पास स्थित एक ठेले पर सिगरेट पीने चला गया, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।

काफी देर इंतजार करने के बाद दोस्तों ने जब उसे फोन किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। देर रात तक डांस कार्यक्रम देखने के बाद दोनों दोस्त मंगलवार सुबह अपने घर लौट आए, लेकिन सुखदेव उनके साथ नहीं था।

मंगलवार सुबह परिजनों ने सुखदेव की तलाश शुरू की। इसी बीच उन्हें जानकारी मिली कि तुमान निवासी एक दुकानदार ने एक वॉट्सऐप स्टेटस डाला है, जिससे युवक के जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में होने की सूचना मिली।

अस्पताल पहुंचने पर परिजनों और दोस्तों को सुखदेव की मौत की जानकारी दी गई।

पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।