Blog
“किंग ऑफ कोरबा” के नाम से मोतीसागर पारा के युवकों ने दी खुली चुनौती: मुख्य सड़क पर जानलेवा स्टंट, वीडियो वायरल
कोरबा। शहर की सड़कों पर कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए मोतीसागर पारा के कुछ युवकों ने ऐसा खतरनाक स्टंट खेला, जिसने आम लोगों को दहशत में डाल दिया। 5 अलग-अलग बाइकों पर 3-3 युवक सवार होकर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आए और बीच सड़क पर जानलेवा स्टंट करते हुए पूरे शहर में दहशत फैलाते रहे।
यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां सीतामढ़ी से लेकर इतवारी बाजार तक इन युवकों का हुड़दंग लगातार चलता रहा। कोई बाइक पर लटककर चल रहा था, तो कोई चलते वाहन पर खड़े होकर स्टंट कर रहा था। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान सड़क पर आम लोग, महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे, जिनकी जान हर पल खतरे में थी।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इस पूरे ‘मौत के खेल’ को खुद एक युवक ने शूट किया और फिर इंस्टाग्राम पर ‘संजू बाबा’ नाम की आईडी से पोस्ट कर दिया। वीडियो में ‘King of Korba Moti Sagar Para’ जैसे शब्द लिखकर खुलेआम अपनी दबंगई का प्रदर्शन किया गया है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि ऐसे बेलगाम युवकों पर तत्काल सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, वरना कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सिर्फ जांच की बात करती है या इन स्टंटबाजों पर वाकई सख्त कार्रवाई भी होती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















