अक्षय गर्ग हत्याकांड का खुलासा: चुनावी हार व रुतबे की कमी बर्दाश्त नहीं हुई मुस्ताक को, रची साजिश और कर डाली हत्या

कोरबा। जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जनपद बिंझरा सदस्य अक्षय गर्ग की जघन्य हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए साजिशकर्ता से लेकर हत्यारे और सहयोगियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

इस सनसनीखेज हत्याकांड को सुलझाने के लिए पुलिस ने एड़ी-चोटी का जोर लगाया, वहीं आईजी डॉ. संजीव शुक्ला स्वयं कटघोरा पहुंचे और पूरे मामले की निगरानी की।

जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कटघोरा थाना क्षेत्र के जटगा पुलिस सहायता केंद्र में कैंप लगाकर जांच शुरू की। कप्तान के नेतृत्व में गठित तकनीकी और विशेष टीम ने चंद घंटों में पहला सुराग हासिल करते हुए साजिशकर्ता मुस्ताक अहमद को हिरासत में लिया। इसके बाद एक-एक कर सभी कड़ियां जुड़ती चली गईं और कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी 27 वर्षीय मिर्जा मुस्ताक अहमद निवासी ग्राम मलदा है। उसके साथ विश्वजीत ओग्रे (21 वर्ष) निवासी सिंघिया कोरबी, गुलशन दास (26 वर्ष) निवासी मलदा तथा एक 15 वर्षीय नाबालिग शामिल था।

पूछताछ में सामने आया कि हत्या की साजिश एक दिन पहले ही रच ली गई थी, लेकिन मौका न मिलने पर दूसरे दिन वारदात को अंजाम दिया गया।

घटना के दौरान गुलशन दास ने बाइक से आगे-आगे चलकर मृतक की गतिविधियों की सूचना दी। तय स्थान पर पहुंचते ही मुस्ताक अहमद ने चाकू से वार किया, जबकि विश्वजीत ओग्रे ने कुल्हाड़ी से अक्षय गर्ग पर ताबड़तोड़ हमला किया।

आरोपी जिस अर्बन क्रूजर कार से आए थे, उसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त चाकू, लोहे की टंगिया, कपड़े, मोबाइल फोन और अन्य अहम साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि हत्या का कारण व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा और चुनावी रंजिश है।

ठेकेदारी कार्य को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसके अलावा पूर्व जनपद चुनाव में सीधी टक्कर और सामाजिक प्रभाव को लेकर भी रंजिश सामने आई है।

मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितिश ठाकुर सहित जिले की विभिन्न थाना और विशेष टीमों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।