दो जगहों पर मिले अज्ञात युवकों के शव, एक अधजला और क्षत-विक्षत, हत्या की आशंका

कोरबा। जिले में रविवार को दो अलग-अलग स्थानों पर दो अज्ञात पुरुषों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक शव अधजली अवस्था में मिला और उसके संवेदनशील अंग बुरी तरह क्षत-विक्षत थे, जिससे पुलिस को स्पष्ट रूप से हत्या का संदेह हो रहा है।

पहला मामला करतला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत औराई के पास एक खेत में सामने आया। यहां अज्ञात व्यक्ति का आंशिक रूप से जला हुआ शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया हत्या के बाद शव जलाने की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलते ही करतला पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पूरे क्षेत्र को सील कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

दूसरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सतनाम नगर में सामने आया। यहां टायरों के ढेर के बीच एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक के शरीर पर केवल नीला लोवर था और शरीर पर काफी धूल-मिट्टी लगी हुई थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि शव कई घंटों से वहीं पड़ा था। सिविल लाइन पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दोनों ही मामलों में मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के सही कारण और परिस्थितियों का खुलासा होने की बात कही है। दोनों थानों में अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा जांच जारी है।