कोरबा। बालको रेलवे लाइन पर रविवार देर रात डेंगूरनाला पुल और सीएसईबी चौक के बीच मालगाड़ी के इंजन पर असामाजिक तत्वों ने पथराव किया। घटना उस समय हुई, जब मालगाड़ी बालको प्लांट से कोरबा स्टेशन की ओर लौट रही थी। पथराव से इंजन की खिड़की का कांच टूट गया, जिसके टुकड़े लोको पायलट ओपी आदिले के सिर पर लगे।
कांच की वजह से पत्थर सीधे नहीं लगा, जिससे लोको पायलट बड़ा हादसा होने से बच गया।
लोको पायलट ओपी आदिले और सहायक लोको पायलट सुनील कुमार ने स्टेशन पहुंचकर स्टेशन मास्टर को घटना की लिखित सूचना दी। हालांकि, शुरुआत में पुलिस को सूचना नहीं दी गई, लेकिन मामले के सामने आने के बाद रेलवे साइड इंचार्ज द्वारा बालको थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करने की बात चल रही है।
लोको पायलटों में भय, रेलवे संचालन प्रभावित
डेंगूरनाला के आसपास बालको रेलवे ट्रैक पर कोयला चोर अक्सर मालगाड़ी की होज पाइप खींचकर उसे रोकते हैं और वैगन से कोयला चुराते हैं। इस पथराव की घटना के बाद लोको पायलट और सहायक लोको पायलट इस रूट पर जाने से कतराने लगे हैं। रविवार की घटना के बाद कई लोको पायलटों ने बालको प्लांट के लिए कोयला ले जाने से इंकार कर दिया, जिससे रेलवे प्रबंधन के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।
पुनरावृत्ति की घटनाएं, कार्रवाई की जरूरत
यह पहली घटना नहीं है; इससे पहले भी इस रूट पर मालगाड़ियों पर पथराव और कोयला चोरी की वारदातें हो चुकी हैं।रेलवे प्रबंधन और स्थानीय पुलिस को इन असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी होगी, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

