कांग्रेस के ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान को मिला जोरदार समर्थन, व्यापारियों ने किए हस्ताक्षर

कोरबा।कांग्रेस द्वारा शुरू किए गए ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ कोरबा के निहारिका क्षेत्र में गुरुवार को धूमधाम से हुआ। इस अभियान का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस सह-प्रभारी जरिता लैतफ्लांग और पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने किया। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक अभियान में हिस्सा लिया और निर्धारित फॉर्म पर हस्ताक्षर कर समर्थन जताया।

अभियान को देशभर में समर्थन
प्रदेश कांग्रेस सह-प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव जरिता लैतफ्लांग ने बताया कि यह हस्ताक्षर अभियान देशभर में जोर पकड़ रहा है। उन्होंने कहा, “पहले लोग चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का अंदेशा जताते थे, लेकिन सबूतों का अभाव रहता था। यह अभियान जनता को अपनी आवाज उठाने का मंच दे रहा है।” उन्होंने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए इस अभियान को महत्वपूर्ण बताया।


लोकतंत्र की हिफाजत के लिए अभियान: जयसिंह अग्रवाल
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने हस्ताक्षर करते हुए कहा, “यह अभियान देश और जनता के हित में है। हम संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट हुए हैं।” उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस मुहिम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करें।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष नत्थूलाल यादव, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, पूर्व सभापति श्यामसुंदर सोनी, प्रदेश सचिव विकास सिंह, बी.एन. सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप जायसवाल, सपना चौहान, हरीश परसाई, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष राठौर, पार्षद मुकेश राठौर, सुखसागर निर्मलकर, सुभाष राठौर, पूर्व पार्षद प्रदीप जायसवाल, पालुराम साहू, पूर्व एल्डरमैन आरिफ खान, संजू अग्रवाल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, सुनील निर्मलकर, पवन विश्वकर्मा सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

निहारिका क्षेत्र के व्यापारियों ने इस अभियान को खुलकर समर्थन दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहल न केवल लोकतंत्र को मजबूत करेगी, बल्कि जनता के बीच जागरूकता भी बढ़ाएगी। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि कोरबा में यह अभियान तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और जल्द ही इसे अन्य क्षेत्रों में भी विस्तार दिया जाएगा।