लोको पायलट सूर्यवंशी बने पीएम सूर्यघर योजना के प्रेरणा स्रोत

कोरबा।कोरबा जिले के खरमोरा निवासी लोको पायलट सुखलाल सूर्यवंशी ने पीएम सूर्यघर योजना को अपनाकर स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में एक मिसाल कायम की है। जिले में इस योजना के तहत 50 हजार से अधिक लोगों ने अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए आवेदन किया है।

सूर्यवंशी ने अपने घर पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया, जिसके लिए उन्हें 78,000 रुपये की केंद्रीय सब्सिडी मिली। अब उनका घर पूरी तरह सौर ऊर्जा पर निर्भर है, जिससे पंखे, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, वाटर पंप और कूलर जैसे उपकरण बिना किसी रुकावट के चल रहे हैं।

सूर्यवंशी ने बताया कि उनकी छत अब ऊर्जा का स्रोत बन गई है। यह स्वच्छ ऊर्जा न केवल उनकी बिजली खर्च की बचत कर रही है, बल्कि आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक भी बन गई है। उनकी इस पहल ने उन्हें जिले में पीएम सूर्यघर योजना का आइकॉन बना दिया है।