कोरबा। लगातार बारिश के कारण बांगो बांध और बैराज से हसदेव नदी में छोड़े जा रहे पानी के साथ बड़ी मात्रा में जलकुंभियां बहकर आ रही हैं, जिससे कोरबा में जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
नगर पालिका निगम द्वारा सार्वजनिक उपक्रमों को छोड़कर अन्य वार्डों में जलापूर्ति की जा रही है, लेकिन जलकुंभियों के कारण कोहड़िया वाटर फिल्टर प्लांट की शोधन प्रक्रिया बाधित हो रही है।
हसदेव नदी के गिरवा घाट नए पुल के पास बने इंटेकवेल से पानी लेकर उपचार के लिए भेजा जाता है, जो ओवरहेड टैंक के माध्यम से घरों तक पहुंचता है। बारिश के कारण पानी में मिट्टी और पौधों के साथ जलकुंभियां फुटवेल को अवरुद्ध कर रही हैं, जिससे कई वार्डों में पानी की कमी, अनियमित आपूर्ति और खराब गुणवत्ता की शिकायतें सामने आ रही हैं।
जल कार्य विभाग के कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह ने बताया कि जलकुंभियां तकनीकी संसाधनों को बाधित कर रही हैं, जिससे पानी की अपेक्षित मात्रा उपलब्ध नहीं हो पा रही।
मैदानी स्तर पर व्यवस्था को ठीक करने का प्रयास जारी है और बारिश कम होने पर समस्या के हल होने की उम्मीद है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

