जिला जेल का बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने किया दौरा, बंदियों की सुविधाओं और भेदभाव की स्थिति का लिया जायजा

कोरबा। सोमवार को बोर्ड ऑफ विजिटर्स की टीम ने कोरबा जिला जेल का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम ने बैरकों की स्थिति का अवलोकन किया और बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि जेल में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं हो रहा है और बंदियों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं।

निरीक्षण दल में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,कलेक्टर अजीत बसंत,पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी,जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस.एन. केशरी,अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सरोज कुमार महिलांगे,उपसंचालक कृषि विभाग देवेंद्र प्रताप सिंह कंवर,परिवीक्षा अधिकारी मुकेश कुमार दिवाकरऔर जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के प्रबंधक अरुण कुमार राठिया शामिल थे।

टीम ने जेल के बैरकों में जाकर बंदियों, कर्मचारियों और अधिकारियों से चर्चा की। भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य जांच, और चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति जेल नियमावली के अनुरूप पाई गई।

निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार के भेदभाव की शिकायत नहीं मिली, और व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

इस अवसर पर सहायक जेल अधीक्षक अमितेश साहू भी उपस्थित रहे।