कोरबा। कोरबा जिले के इंदिरा नगर क्षेत्र में देर रात सो रहे एक ही परिवार के तीन सदस्यों को सर्प ने डस लिया। इसमें पिता चूड़ामणि भारद्वाज (ठेका कामगार) और पुत्र प्रिंस की मौत हो गई, जबकि पत्नी रजनी की हालत गंभीर है। इस मामले में सरकारी अस्पताल में ईलाज नहीं होने का आरोप परिजनों ने लगाया है। सीएमएचओ ने इसे गंभीरता से लिया और जांच कराने की बात कही।
खबर के अनुसार पिछली रात लगभग 4 बजे इंदिरा नगर में यह घटना हुई। चूड़ामणि अपनी पत्नी और बच्चे के साथ कमरे में सोया हुआ था। तभी देर रात को सर्प ने तीनों को डंस लिया। दर्द के कारण उनकी चीख निकली तो परिजन हरकत में आए। चूड़ामणि के भाई द्वारिका ने बताया कि कुछ ही देर में गोपालपुर अस्पताल ले जाया गया। वहां की स्वास्थ्य कार्यकर्ता ने केंद्र में इंजेक्शन उपलब्ध नहीं होने की बात कही और पीडि़तों को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार यहां भी आधे घंटे तक इलाज शुरू नहीं हो सका और अव्यवस्था के कारण चूड़ामणि और उनके बेटे ने दम तोड़ दिया। पत्नी रजनी का उपचार फिलहाल मेडिकल कॉलेज में जारी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एस.एन. केसरी ने कहा कि मामला गंभीर है। स्वास्थ कर्मी को परीक्षण के साथ एंटी-स्नेक वेनम देना था लेकिन उसने ऐसा करने से पहले मरीज को रेफर किया। इसकी जांच कराएंगे और कार्यवाही भी करेंगे। यह मामला उपचार में लापरवाही को दर्शाता है।
इससे पहले भी ऐसी कई घटनाएं हो चुकी है जिनमें सर्पदंश की बात स्पष्ट होने पर भी उपचार में लापरवाही बरती गई। इस चक्कर में पीडि़तों को जिंदगी से हाथ धोना पड़ गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















