मां सर्वमंगला मंदिर में नवरात्रि की धूम, मनोकामना ज्योत जलवाने विदेश से भी आते हैं लोग 

कोरबा जिले में हसदेव नदी के तट पर स्थित 124 वर्ष पुराने मां सर्वमंगला मंदिर में नवरात्रि की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ शुरू हो गई हैं। 22 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्रि पर्व के लिए मंदिर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है, और तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मां सर्वमंगला को कोरबा की प्रथम आराध्य देवी के रूप में पूजा जाता है, और मान्यता है कि यहां मांगी गई हर मनोकामना पूरी होती है।

इस प्राचीन मंदिर के प्रति कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ के लोगों की गहरी आस्था है। नवरात्रि के दौरान देश-विदेश से लाखों भक्त मां के दर्शन और मनोकामना ज्योति कलश जलवाने के लिए यहां पहुंचते हैं। मंदिर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्ता इसे एक प्रमुख धार्मिक स्थल बनाती है, जहां नवरात्रि के नौ दिनों तक भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत माहौल देखने को मिलता है।