स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल की मध्यस्थता से NHM कर्मियों की हड़ताल समाप्त, सभी मांगें मानने का आश्वासन

रायपुर।छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों की हड़ताल को समाप्त करने पर बातचीत में सहमति बन गई है। 18 अगस्त से चली आ रही इस हड़ताल ने प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं को गंभीर रूप से प्रभावित किया था, जिससे लाखों मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मंत्री जायसवाल ने कहा, “एनएचएम कर्मचारी हमारे राज्य का अभिन्न हिस्सा हैं। हम सभी कर्मचारियों से अपील करते हैं कि वे शीघ्र काम पर लौट आएं। सारी मांगों को मानने के बाद भी यदि कोई कर्मचारी काम पर नहीं लौटता, तो हम नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करेंगे।” उन्होंने हड़ताल के दौरान बर्खास्त किए गए कर्मचारियों की बहाली पर विचार करने और एक माह का नोटिस प्राप्त करने वालों के नोटिस को रद्द करने का भी आश्वासन दिया, बशर्ते वे तुरंत ड्यूटी जॉइन करें।

मांगों पर क्या हुआ फैसला?

स्वास्थ्य मंत्री ने विस्तार से बताया कि NHM कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक कदम उठाए गए हैं:

4 मांगों को पूर्ण रूप से स्वीकार किया गया है।

3 मांगों पर कमेटी का गठन किया गया है, जो शीघ्र रिपोर्ट सौंपेगी।

शेष 3 मांगों को उच्च स्तरीय बातचीत के लिए छोड़ा गया है।

यह निर्णय NHM कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधिमंडल, हेल्थ मिशन डायरेक्टर सहित विभिन्न अधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद लिया गया। मंत्री ने कहा कि बैठक में सकारात्मक चर्चा हुई और हड़ताल समाप्त करने पर सहमति बनी।

18 अगस्त से शुरू हुई इस हड़ताल ने ग्रामीण और शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों, नर्सों और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ की कमी पैदा कर दी थी, जिससे आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हुईं। सरकार की इस पहल से अब स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाने की उम्मीद है।

मंत्री जायसवाल ने अंत में सभी कर्मचारियों से एकजुट होकर सेवा देने की अपील की और कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्यकर्मियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

यह समझौता छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।