कोरबा।कटघोरा वन मंडल में इन दिनों 52 हाथियों का एक बड़ा झुंड विचरण कर रहा है, जो स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। पसान रेंज के ग्राम पंचायत तनेरा (जलके) क्षेत्र में यह झुंड क्रेशर के आसपास मंडरा रहा है और धान की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहा है। इस स्थिति के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है।
दंतैल हाथी ने रोका रास्ता
18 सितंबर 2025 की रात लगभग 9 बजे, झुंड से अलग हुआ एक दंतैल हाथी रानीअटारी मार्ग पर तनेरा घाटी के पास पहुंच गया। इस दौरान उसने एक कोयला लोड ट्रेलर को रोक दिया। हाथी को सामने देखकर चालक विजय और परिचालक दहशत में आ गए। हाथी ने लगभग आधे घंटे तक मार्ग को अवरुद्ध रखा और चिंघाड़ते हुए जंगल की ओर लौटा, जिसके बाद चालक ने राहत की सांस ली और वाहन को आगे बढ़ाया।
12 हाथियों का दल सरगुजा की ओर रवाना
इसी बीच, 12 हाथियों का एक दल कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज के धजाक जंगल से रात में मूवमेंट करते हुए मदनपुर सर्किल के जंगल को पार कर सुबह 5 बजे के आसपास सरगुजा वन मंडल की सीमा में प्रवेश कर गया। इस दल ने रास्ते में कई ग्रामीणों की धान की फसलों को चट कर दिया, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।
ग्रामीणों और वन विभाग को राहत
12 हाथियों के दल के सरगुजा की ओर चले जाने से कटघोरा के ग्रामीणों और वन विभाग ने राहत महसूस की है। यह दल पिछले एक सप्ताह से कटघोरा जिले में डेरा डाले हुए था और केंदई रेंज के जंगल में दिन में विश्राम करने के बाद रात में निकलकर फसलों को नष्ट कर रहा था। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों के इस उत्पात को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं ताकि उनकी फसलों और जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















