उरगा नहर हादसा, जेसीबी समेत चालक और युवक लापता; रेस्क्यू में जुटी टीमें

कोरबा । जिले के उरगा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब नहर के किनारे काम कर रही एक जेसीबी मशीन अनियंत्रित होकर तेज बहाव में जा गिरी।

घटना का लाइव वीडियो स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल में कैद किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक ने जेसीबी को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन रिवर्स लेते वक्त मशीन दोबारा नहर में पलट गई। इस हादसे में चालक और एक अन्य युवक के पानी के तेज बहाव में बह जाने की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को सूचित किया। नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी है। जेसीबी भलपहरी निवासी लक्ष्मी कुमार की बताई जा रही है। पुलिस वाहन मालिक और चालक की जानकारी जुटाने में जुटी है।

रेस्क्यू टीमें नहर में गिरी जेसीबी को बाहर निकालने और लापता लोगों की खोज में लगातार काम कर रही हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि चालक शराब के नशे में था, लेकिन इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जांच और रेस्क्यू ऑपरेशन जोरों पर है।