सूरजपुर से चोरी हुआ 25 क्विंटल सरकारी चावल, कटघोरा में दो व्यापारी गिरफ्तार

कोरबा/सूरजपुर। सूरजपुर जिले में एक शासकीय उचित मूल्य की दुकान से 50 बोरी (25 क्विंटल) सरकारी चावल की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चोरी का यह चावल कटघोरा में खपाया गया, जिसके बाद सूरजपुर पुलिस ने कटघोरा से दो किराना व्यापारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और चावल को भी जब्त कर लिया है। इस मामले में कुछ राइस मिलरों के शामिल होने की संभावना भी जताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले में एक स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित पीडीएस दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने 50 बोरी चावल चुरा लिया। घटना के दौरान ग्रामीणों ने संदिग्ध पिकअप वाहन (क्रमांक सीजी 12 बीपी 9689) में चावल की बोरियां लोड कर भागते हुए देखा और उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन चालक वाहन सहित फरार हो गया। पीडीएस दुकान संचालक स्व-सहायता समूह ने इसकी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद सूरजपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी का चावल कटघोरा में खपाया गया। बुधवार को सूरजपुर पुलिस ने कटघोरा पहुंचकर किराना व्यवसायी पवन और उनके पुत्र को हिरासत में लिया। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और चावल की बोरियों को जब्त किया। इस कार्रवाई से कटघोरा में हड़कंप मच गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं, क्योंकि जांच के दायरे में कुछ राइस मिलर भी हैं।

देर शाम तक इस प्रकरण में बड़े खुलासे की संभावना है। सूरजपुर पुलिस ने इस चोरी के नेटवर्क को पूरी तरह से उजागर करने के लिए अपनी जांच तेज कर दी है।