कोरबा। सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें अंचल अग्रवाल उर्फ जिनी अग्रवाल पर गिरवी रखे मोबाइल को अनलॉक कर AI के जरिए फोटो एडिट कर ब्लैकमेल करने और उगाही का आरोप लगा है। पीड़ित साहिल खान की शिकायत पर जिनी अग्रवाल के खिलाफ भादवि की धारा 308(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
साहिल खान (28 वर्ष), निवासी एमपी नगर अटल आवास, ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2022 में निजी जरूरत के लिए जिनी अग्रवाल, निवासी एमआईजी 1/55 रविशंकर नगर, से 10 हजार रुपये उधार लिए थे। इसके एवज में उन्होंने अपना ओप्पो मोबाइल गिरवी रखा था। आरोप है कि जिनी ने मोबाइल का लॉक खोलकर उसमें मौजूद निजी फोटो को AI के जरिए एडिट किया और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
साहिल ने बताया कि जिनी ने धमकाकर उनसे 25 हजार रुपये की उगाही कर ली और इसके बावजूद और पैसे की मांग कर रहा है। इस दौरान जिनी ने मारपीट भी की, जिससे साहिल मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं।
साहिल की शिकायत पर सिविल लाइन रामपुर थाना ने जिनी अग्रवाल के खिलाफ भयादोहन और उगाही के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
जिनी अग्रवाल पर पहले भी रविशंकर नगर कॉलोनी में अवैध शराब बिक्री के आरोप लग चुके हैं। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को वीडियो प्रमाण के साथ शिकायत भी की गई है, जिसकी जांच चल रही है।
यह मामला डिजिटल युग में गोपनीयता के दुरुपयोग और तकनीक के गलत इस्तेमाल का गंभीर उदाहरण है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















