छुरीकला नगर पंचायत में लाखों का घोटाला: सीएमओ पर फर्जी खरीद और निर्माण के नाम पर गबन का आरोप

कोरबा।जिले में नगरीय निकायों के अधिकारी किस प्रकार से काम करते है इसका खुलासा हाल में ही हुआ। पार्षदों की शिकायत और तथ्यों के आधार पर प्रशासन के अधिकारी ने मौके पर रिकार्ड खंगाले और स्थल निरीक्षण किया। खबर के अनुसार यहां दस्तावेज नहीं मिले और जो चीजों सामने आई उनमें लाखों के वारे-न्यारे का पता चला।

नगर पंचायत छुरीकला में पिछले अध्यक्ष और पार्षद निधि के मद के लाखों रुपए सीएमओ ने अपने तरीके से खर्च होना बता दिया। खबर के अनुसार यहां पर महज 400 रुपए बाजार मूल्य वाली कुर्सियों की खरीदी 2600 रुपए प्रत्येक के हिसाब से की गई। इसी पर लाखों रुपए व्यय कर दिए गए और राशि का आहरण भी कर लिया गया। नगर पंचायत क्षेत्र में कई जगह सडक़ निर्माण और मरम्मत के नाम से भी रुपए निकाल लिए गए। सबसे खास बात यह रही कि जिन क्षेत्रों में काम होना दिखाया गया वहां पर न तो ऐसा हुआ और न ही कामकाज की पुष्टि हुई।

जानकारी मिली कि नगर पंचायत के कुछ इलाकों में संधारण के साथ मरम्मत जैसे कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए गए और इन्हें क्रियान्वित करना बता दिया गया। यह सब वहां पर हुआ नहीं, ऐसा भी पता चला है। ज्ञात हुआ कि नगर पंचायत में कांग्रेस सरकार के दौरान निर्वाचित हुए पूर्व अध्यक्ष और पार्षदों के कोटे की निधि का दुरूपयोग सीएमओ यादव के द्वारा करने की बात सामने आई। मामला गंभीर था। मौजूदा टीम ने इस बारे में सवाल उठाए और कार्यवाही की मांग की। प्रशासन ने इस पर संज्ञान लिया।

ज्ञात हुआ कि कटघोरा तहसीलदार प्रियंका चंद्रा ने कार्यालय पहुंचकर दस्तावेज की पड़ताल की तो बहुत सारी चीजें नहीं मिली। वहीं निर्माण से जुड़े मामलों में भौतिक सत्यापन भी नहीं हो सका।

तहसीलदार प्रियंका से इस बारे में बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि मामले में शुरूआती जांच की गई है। जो कुछ तथ्य सामने आए है। इस आधार पर वह अपनी रिपोर्ट 2-3 दिन में सक्षम अधिकारी के पास प्रस्तुत करेंगे।