शिक्षक सुदर्शन यादव के मार्गदर्शन में शंकरगढ़ के 26 आदिवासी युवाओं ने अग्निवीर प्रवेश परीक्षा में मारी बाजी

अतिथि शिक्षक की मेहनत और समर्पण से मिली बड़ी सफलता

बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ ब्लॉक स्थित बालक हायर सेकेंडरी स्कूल के अतिथि शिक्षक (गणित) सुदर्शन यादव के अथक प्रयासों से 26 आदिवासी युवाओं ने अग्निवीर प्रवेश परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। इनमें 23 युवक और 3 युवतियां शामिल हैं, जो सभी शंकरगढ़ ब्लॉक के निवासी हैं। छत्तीसगढ़ के किसी एक ब्लॉक से इतनी बड़ी संख्या में युवाओं का एक साथ चयन पहली बार हुआ है, जो एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

कठिन प्रशिक्षण और समर्पण से मिली सफलता

सुदर्शन यादव ने इन युवाओं को न केवल शारीरिक (फिजिकल) बल्कि लिखित परीक्षा की भी गहन तैयारी करवाई। यह परीक्षा ऑनलाइन आयोजित होती है, जिसके लिए कंप्यूटर और लैपटॉप पर दक्षता जरूरी थी। सुदर्शन ने इन युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ भर्ती परीक्षा के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया। 30 युवाओं ने इस प्रशिक्षण में हिस्सा लिया, जिनमें से 26 ने परीक्षा में सफलता प्राप्त की। अब ये युवा फिटनेस टेस्ट की तैयारी में जुटे हैं, जिसमें भी उनकी सफलता की संभावना प्रबल है।

गर्मी में बहाया पसीना, रात में ऑनलाइन कोचिंग

चयनित युवाओं ने इस साल 12वीं बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण की थी। ग्रीष्मावकाश के दौरान ये युवा घर नहीं गए और सरकारी छात्रावास में रहकर सुबह-शाम मैदान में कठिन प्रशिक्षण लिया। सुदर्शन यादव ने दोपहर में लिखित परीक्षा की तैयारी करवाई और रात में ऑनलाइन कोचिंग के जरिए उनकी दक्षता बढ़ाई। 60 मिनट में 50 प्रश्नों के सटीक उत्तर देने की रणनीति ने इन युवाओं को सफलता दिलाई। उनकी इस उपलब्धि ने शंकरगढ़ के अन्य युवाओं में भी नई ऊर्जा का संचार किया है।

मुख्यमंत्री ने बढ़ाया हौसला, शिक्षक की प्रशंसा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इन युवाओं की उपलब्धि को गर्व का विषय बताते हुए उनके उत्साह को बढ़ाया। अपने गृहग्राम बगिया में उन्होंने कहा कि यह सफलता न केवल इन युवाओं, उनके परिवार, गांव और जिले के लिए, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने अग्निवीर योजना को युवाओं के लिए देश सेवा का सुनहरा अवसर बताया और शिक्षक सुदर्शन यादव के मार्गदर्शन की भी जमकर सराहना की।

चयनित युवाओं के नाम

चयनित अग्निवीरों में पिंकू पैकरा, जिन्दल, विकास पैकरा, प्रकाश सिंह, खेलसाय, आर्यनदेव, नंन्दन पन्ना, नरेन्द्र यादव, रंजीत केरकेट्टा, रमेश पैकरा, प्रियांशु, सनोज, निकिता नरसिंह, शशि किरण, सोहन लाल, महेन्द्र पैकरा, मिथलेश पैकरा, छोंटू, बज्जू पैकरा, पंकज, विवेक पैकरा, विधायक पैकरा, किशुन पैकरा, सोभनाथ पैकरा, अमित कुजूर और एंजेल लकड़ा शामिल हैं।