रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने उठाई ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याएँ, मुख्यमंत्री से की बिजली, सड़क और शिक्षा सुविधाओं की मांग

कोरबा।रामपुर विधानसभा क्षेत्र (क्र. 20) के विधायक फूलसिंह राठिया ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर ग्रामीण क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग की है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों द्वारा सामने लाई गई समस्याओं को आधार बनाते हुए विधायक ने बिजली, सड़क और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान देने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत नकिया के ग्राम विमलता और रपता तथा ग्राम पंचायत लेमरू के ग्राम केऊबहार अभी तक विद्युत सुविधा से वंचित हैं, जिससे ग्रामीणों को दैनिक जीवन में भारी परेशानी हो रही है। विधायक ने इन गांवों में शीघ्र विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की।

साथ ही, उन्होंने कई ग्राम पंचायतों में पक्की सड़कों की कमी को उजागर किया। इनमें ग्राम पंचायत लेमरू में केऊबहार से पटेरहा कोरवा बस्ती (5 किमी), ग्राम पंचायत अरसेना में मेन रोड से चिरईझुंझ बस्ती (5 किमी), ग्राम पंचायत बड़गांव में मेन रोड से अकड़हा पारा उरांव बस्ती (3 किमी), ग्राम पंचायत नकिया में रपता बस्ती से बिंजोरा कोरवा बस्ती और खम्होन कोरवा बस्ती से नकिया रोड (7 किमी), ग्राम पंचायत देवपहरी में गढ़ उपरोड़ा मेन रोड से देवद्वारी (3 किमी) और कनसरा से बरपानी कोरवा बस्ती तक सड़क निर्माण की आवश्यकता है। विधायक ने इनके लिए सड़क निर्माण की स्वीकृति की मांग की।

शिक्षा के क्षेत्र में भी विधायक ने शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चिर्रा में बेंच और टेबल की कमी को दूर करने की मांग उठाई, ताकि बच्चों को बेहतर बैठक व्यवस्था मिल सके।

विधायक फूलसिंह राठिया ने कहा, “बिजली, सड़क और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएँ प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। मेरा प्रयास रहेगा कि रामपुर क्षेत्र के हर गांव तक ये सुविधाएँ पहुँचें।” उनके इस प्रयास को ग्रामीणों ने सराहा है और क्षेत्र के विकास की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।