बिलासपुर।न्यायधानी बिलासपुर में एक अधिवक्ता के साथ ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 25.50 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सकरी थाना पुलिस ने आरोपी छत्रपाल पटेल और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने खुद को ऑनलाइन ट्रेडिंग का विशेषज्ञ बताकर अधिवक्ता युगल पटेल को भारी मुनाफे का लालच देकर अपने जाल में फंसाया और लाखों रुपये ठग लिए।
फर्जी एप और स्क्रीनशॉट से बनाया जाल
जानकारी के अनुसार, छत्रपाल पटेल ने अपने परिवार के साथ मिलकर अधिवक्ता युगल पटेल को ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। 17 अप्रैल से 15 अगस्त 2025 के बीच युगल पटेल ने अपनी मेहनत की कमाई में से 23.10 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए और 2.40 लाख रुपये नकद आरोपियों के खातों में जमा किए। आरोपियों ने फर्जी एप और नकली स्क्रीनशॉट के जरिए प्रार्थी को विश्वास में लिया कि उनका पैसा शेयर मार्केट में निवेश किया जा रहा है।
“लॉकिंग पीरियड” का बहाना, पैसा गायब
जब युगल पटेल ने अपनी रकम वापस मांगने की कोशिश की, तो आरोपियों ने जवाब दिया कि पैसा “लॉकिंग पीरियड” में है और इसे निकाला नहीं जा सकता। संदेह होने पर प्रार्थी ने मामले की जांच की, तो पता चला कि उनका एक भी रुपया शेयर मार्केट में निवेश नहीं किया गया था। आरोपियों ने पूरी रकम को निजी उपयोग में खर्च कर दिया था।
पुलिस ने शुरू की जांच
सकरी थाना पुलिस ने अधिवक्ता की शिकायत पर छत्रपाल पटेल और उसके सहयोगियों के खिलाफ धारा 3(5)-BNS और 318(4)-BNS के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से ठगी को अंजाम दिया।
ठगी का शिकार हुए अधिवक्ता
इस घटना ने बिलासपुर में ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों पर एक बार फिर सवाल खड़े किए हैं। अधिवक्ता युगल पटेल ने बताया कि उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई को बेहतर भविष्य के लिए निवेश करने की सोची थी, लेकिन आरोपियों ने उनके विश्वास का गलत फायदा उठाया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लुभावने ऑफर देने वालों से सावधान रहें और किसी भी निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















