कोरबा।छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी (सीएसईबी) द्वारा कोरबा जिले के दर्री में प्रस्तावित नए पावर प्लांट का निर्माण कार्य शुरू होते ही विवादों में घिर गया है। प्रोजेक्ट का ऑफिस निर्माण शुरू होने के साथ ही स्थानीय बेरोजगारों और भाजपा नेताओं ने विरोध जताते हुए काम रुकवा दिया।
स्थानीय रोजगार की मांग को लेकर हंगामा
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे स्थानीय पार्षद और भाजपा नेताओं ने प्रबंधन पर आरोप लगाया कि ठेकेदार बाहरी कर्मचारियों को काम पर रख रहे हैं, जबकि स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता दी जानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि दारी और आसपास के क्षेत्रों में राखड़ (फ्लाई ऐश) से प्रभावित स्थानीय बेरोजगार युवाओं को इस प्रोजेक्ट में रोजगार का अवसर मिलना चाहिए। उनकी मांग है कि प्रबंधन स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दे और उनकी उपेक्षा बंद करे।
प्रबंधन के साथ चर्चा, काम अस्थायी रूप से रोका
विरोध के बाद स्थानीय नेताओं ने प्रबंधन के साथ चर्चा की, जिसमें उन्होंने स्पष्ट रूप से मांग रखी कि बाहरी कर्मचारियों की नियुक्ति के बजाय स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार दिया जाए। इस हंगामे के चलते प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
बढ़ता विवाद, प्रशासन की भूमिका पर नजर
यह विरोध प्रदर्शन दारी में नए पावर प्लांट के निर्माण के शुरुआती चरण में ही शुरू हो गया है, जिससे प्रोजेक्ट की प्रगति पर असर पड़ सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। इस मामले में प्रशासन और सीएसईबी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















