रायपुर में गणेश विसर्जन: कड़ी सुरक्षा के बीच आज रात परंपरागत मार्ग से निकलेंगी झांकियां

रायपुर।राजधानी रायपुर में आज रात गणेश विसर्जन की झांकियां परंपरागत मार्ग से निकाली जाएंगी। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए शहर को छह सेक्टरों में बांटा है, जहां करीब 1800 पुलिस जवान और अधिकारी तैनात रहेंगे। विसर्जन के दौरान पटाखों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। भीड़भाड़ वाले मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी, जिसके लिए पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

भारी वाहनों पर प्रतिबंध, वैकल्पिक मार्ग तय

विसर्जन के दौरान भारी वाहनों को शहर की सीमा के बाहर रोका जाएगा। झांकियां शारदा चौक, जयस्तंभ चौक, कोतवाली चौक, सदरबाजार, कंकालीपारा और पुरानी बस्ती से होते हुए लाखेनगर के रास्ते रायपुरा महादेव घाट पहुंचेंगी। श्रद्धालुओं के लिए पैदल मार्ग निर्धारित किया गया है, और विभिन्न स्थानों पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। विसर्जन के बाद झांकियों में शामिल वाहन अमलेश्वर या भाठागांव के रास्ते लौटेंगे। 9 सितंबर को अमलेश्वर की ओर खारून नदी पुल से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इस दौरान अमलेश्वर की ओर से आने वाले वाहन भाठागांव, काठाडीह और दतरेंगा मार्ग से निकल सकेंगे, जबकि जीई रोड की ओर जाने वाले वाहनों के लिए टाटीबंध तक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होंगे।

शाम 7 बजे से झांकी मार्ग बंद, टोकन प्रणाली लागू

शाम 7 बजे के बाद झांकी मार्ग पर आने वाले रास्तों को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया जाएगा। झांकियां राठौर चौक से गुरुनानक चौक और एमजी रोड होते हुए शारदा चौक पहुंचेंगी। यहां टोकन प्रणाली लागू की गई है, जिसके तहत टोकन प्राप्त करने के बाद ही झांकियों को जयस्तंभ चौक की ओर बढ़ने दिया जाएगा। तात्यापारा चौक से आने वाली झांकियों को भी व्यवस्थित तरीके से रूट में प्रवेश कराया जाएगा।

छह सेक्टरों में कड़ी सुरक्षा: एसएसपी

एसएसपी डॉ. उमेद लाल सिंह ने बताया कि छह सेक्टरों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है, जिनके अधीन थाना प्रभारी (टीआई) और उप-निरीक्षक (एसआई) सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। भीड़ में सादी वर्दी में पुलिस टीमें भी तैनात रहेंगी, जो संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखेंगी और आवश्यक कार्रवाई करेंगी। झांकी मार्ग पर प्रतिबंधित सामान या नशे की हालत में पकड़े गए लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।