कोरबा-पाली।पाली में जमीन संबंधी विवाद के चलते एक परिवार के मकान के अहाते को दबंगों द्वारा बलपूर्वक तोड़ने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह मामला तब और गंभीर हो गया जब पता चला कि उक्त जमीन का प्रकरण व्यवहार न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़ित की शिकायत पर पाली पुलिस ने त्रिलोचन और अन्य के खिलाफ धारा 296, 351(2), और 3(5) बीएनएस के तहत FIR दर्ज की है।
पाली निवासी ज्ञानेश्वर साहू (43) ने पुलिस को बताया कि ग्राम पाली में खसरा नंबर 45/1/क/2, रकबा 0.024 हेक्टेयर की उनकी जमीन पर मकान और अहाता बना हुआ है। 7 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे ढुकुपथरा निवासी त्रिलोचन अपने साथ कुछ लोगों को लेकर उनके मकान के सामने पहुंचा और अहाता तोड़ने की बात कहने लगा। ज्ञानेश्वर के मना करने पर त्रिलोचन ने गाली-गलौच शुरू कर दी और धमकी देते हुए कहा कि जो भी रोकेगा, उसे मार देंगे। इसके बाद उन्होंने बलपूर्वक अहाता तोड़ना शुरू कर दिया, जिससे नुकसान हुआ।
ज्ञानेश्वर ने बताया कि जब उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की, तो पता चला कि जसपाल सिंह ने अहाता तोड़ने का आदेश दिया था। विशेष रूप से, ज्ञानेश्वर और जसपाल सिंह के बीच उक्त जमीन को लेकर व्यवहार न्यायालय पाली में वाद क्रमांक 26A/2024 विचाराधीन है, जिसकी अगली सुनवाई 6 अक्टूबर 2025 को होनी है। इस घटना से पीड़ित परिवार भयभीत है और उन्हें न्याय की उम्मीद है।
पाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्रिलोचन और अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के सख्त निर्देश के बाद यह कार्रवाई की गई। पीड़ित परिवार को इस कार्रवाई से राहत मिली है और वे न्याय की उम्मीद कर रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















