जगदलपुर।बस्तर जिले के अलनार में बीती रात एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय छात्र लोकेश नाग की कच्चे मकान की दीवार गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उनकी दादी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना सुबह पुलिस को दी गई, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटना रात करीब ढाई बजे की है, जब अलनार में एक चार कमरे के कच्चे मकान में 10 सदस्यीय परिवार सो रहा था। अचानक मकान की दीवार ढह गई, जिसके मलबे में लोकेश नाग और उनकी दादी दब गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से निकाला, लेकिन तब तक लोकेश की जान जा चुकी थी। दादी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सुबह नानगुर तहसील को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भेजा, लेकिन डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण परिजनों को करीब 5 घंटे इंतजार करना पड़ा। मजबूरी में शव को डिमरापाल अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया गया।
इस घटना ने न केवल कच्चे मकानों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की अनुपस्थिति और समय पर सुविधा न मिलने की समस्या को भी उजागर किया है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर रोष है कि समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होती, तो शायद स्थिति को बेहतर ढंग से संभाला जा सकता था।
लोकेश की असमय मृत्यु से परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि इस हादसे की जांच हो और कच्चे मकानों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने की जरूरत पर भी जोर दिया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















