कोरबा। जिले के रिस्दी स्थित श्वेता हॉस्पिटल एक बार फिर विवादों के घेरे में है। ग्राम बेदरकोना निवासी पुनिराम कुर्रे ने अपनी पत्नी निर्मला कुर्रे की मौत के लिए अस्पताल प्रबंधन और डॉ. मनियारो कुज़र को जिम्मेदार ठहराते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पुनिराम ने आरोप लगाया कि इलाज में लापरवाही और जिम्मेदार डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण उनकी पत्नी की जान गई।
प्रसव के बाद बिगड़ी तबियत, नहीं मिली समय पर मदद
पुनिराम के अनुसार, 02 जून 2022 को उन्होंने अपनी पत्नी निर्मला को प्रसव के लिए श्वेता हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। डॉ. मनियारो कुज़र की देखरेख में ऑपरेशन हुआ और पुत्री का जन्म हुआ। लेकिन प्रसव के बाद निर्मला की तबियत अचानक बिगड़ गई। आरोप है कि उस समय न तो कोई अनुभवी डॉक्टर मौजूद था और न ही कोई प्रशिक्षित नर्स। परिजनों ने बार-बार डॉक्टर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। इस लापरवाही के चलते निर्मला की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।
अस्पताल पर गंभीर आरोप
पुनिराम ने बताया कि पत्नी की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने शव को जल्दबाजी में सौंप दिया। जब उन्होंने पोस्टमार्टम की बात उठाई, तो उन्हें डराया-धमकाया गया और शिकायत करने से रोका गया। डर के कारण उन्होंने उस समय कोई कदम नहीं उठाया। हाल ही में ग्राम गोढ़ी की अंजली सिंह की प्रसव के बाद मृत्यु और उस पर हुई कार्रवाई से प्रेरित होकर पुनिराम ने अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा, “मेरी तीन साल की बेटी से मां का साया छिन गया। कई परिवारों ने ऐसी त्रासदी झेली है।”
पीड़ित की मांगें
पुनिराम ने प्रशासन से निम्नलिखित मांगें की हैं:
डॉ. मनियारो कुज़र को तत्काल निलंबित किया जाए।
निर्मला कुर्रे की मौत के लिए डॉ. कुज़र के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो।
श्वेता हॉस्पिटल का लाइसेंस रद्द कर इसे बंद किया जाए।
आंदोलन की चेतावनी
पुनिराम ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे। इस मामले के बाद अन्य लोग भी श्वेता हॉस्पिटल के खिलाफ शिकायतें लेकर सामने आ रहे हैं। जिले की नजरें अब प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

