कोरबा। छत्तीसगढ़ के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के स्वागत में लगाए गए पोस्टरों को एक युवक द्वारा सरेराह फाड़ने की घटना ने शहर में हंगामा खड़ा कर दिया। इस घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और युवक के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके चलते मारपीट की नौबत आ गई। देर रात तक चले इस हंगामे को पुलिस ने बमुश्किल शांत कराया।
पोस्टर फाड़ने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, जब से लखन लाल देवांगन को वाणिज्य मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया, तब से कोरबा के सीएसईबी चौक सहित पूरे शहर में उनके स्वागत में पोस्टर, बैनर और होर्डिंग लगाए गए थे। बीती रात एक युवक को डंडे से इन पोस्टरों को फाड़ते देखा गया। कुछ स्थानीय लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। इसकी जानकारी भाजपा कार्यकर्ताओं तक पहुंची, जिन्होंने युवक को घेर लिया और उससे इस हरकत का कारण पूछा। जवाब में युवक ने कुतर्क करना शुरू कर दिया, जिसके बाद कुछ कार्यकर्ताओं ने उसे थप्पड़ जड़ दिए।
धार्मिक परिसर में मारपीट
विवाद यहीं नहीं थमा। पोस्टर फाड़ने वाला युवक पास के एक धार्मिक परिसर में जा घुसा। उसे पीटने वाले युवक भी वहां पहुंच गए, जहां युवक के परिचितों ने पलटवार करते हुए पीटने वाले युवकों की पिटाई कर दी। इस घटना ने मामले को और तूल दे दिया। देखते ही देखते भाजपा के कई पार्षद और स्थानीय नेता सीएसईबी चौक पर जमा हो गए, जिसके बाद वहां हंगामा शुरू हो गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
हंगामे की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लाया। सूत्रों के अनुसार, पोस्टर फाड़ने वाला युवक किसी विज्ञापन एजेंसी से जुड़ा है और वह इस बात से नाराज था कि बिना उसकी सहमति के पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए।
भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष
इस घटना ने भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष पैदा कर दिया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि मंत्री के सम्मान में लगाए गए पोस्टरों को फाड़ना अपमानजनक है। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की बात कही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















