रेड क्रॉस ने 34 कैंपों में 470 यूनिट रक्त संग्रह किया: राम सिंह अग्रवाल

कोरबा। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी कोरबा जिला यूनिट के अध्यक्ष राम सिंह अग्रवाल ने शनिवार को कोरबा में मीडिया से बातचीत की और बताया कि स्थापना से लेकर अब तक 34 ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया है। इसके माध्यम से 470 यूनिट ब्लड का संचय किया गया है। कोरबा जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक को यह ब्लड उपलब्ध कराया गया।

राम सिंह अग्रवाल ने बताया कि कोरबा में रेड क्रॉस के माध्यम से ब्लड डोनेशन कैंप की गतिविधियां वर्ष 2004 से संचालित हो रही है। पिछले वर्षों में अग्रवाल को रेडक्रास समिति का अध्यक्ष बनाया गया और वर्तमान की स्थिति में 664 सदस्य इसके साथ जुड़े हैं। इनमें से 54 संरक्षक और कुछ सह संरक्षक व आजीवन सदस्य भी है।

बताया गया कि वर्ष 2004 में तत्कालीन सांसद डॉ. चरणदास महंत ने रेड क्रॉस सोसाइटी को पांच लाख रुपए की सहायता दी थी। वर्तमान में रेड क्रॉस की ओर से ब्लड बैंक और शव वाहन संचालित है।

अग्रवाल ने बताया कि कोरबा में अत्यंत आधुनिक रेड क्रॉस भवन और ब्लड बैंक का काम अंतिम चरण पर हैं। आगामी समय में ब्लड कलेक्शन बस की सुविधा भी कोरबा क्षेत्र में प्राप्त होगी।