कोरबा।भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत कोरबा जिले में कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में 29 अगस्त से 30 सितंबर 2025 तक ‘शिशु संरक्षण माह’ का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ‘ए’ और 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आयरन फोलिक एसिड (IFA) सिरप दिया जाएगा, साथ ही टीकाकरण और एनीमिया स्क्रीनिंग जैसी स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।
डॉ. एस.एन. केशरी ने बताया कि यह अभियान वर्ष में दो बार, छह माह के अंतराल पर आयोजित किया जाता है। प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों और टीकाकरण केंद्रों पर निर्धारित सत्रों में बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक और IFA सिरप दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, एनीमिया स्क्रीनिंग, स्तनपान के लाभों की जानकारी, और नियमित व छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण भी किया जाएगा।
विटामिन ‘ए’ की नियमित खुराक से बच्चों में रतौंधी, श्वसन संक्रमण, बुखार और कुपोषण की संभावना कम होती है, जबकि IFA सिरप बच्चों में खून की कमी को दूर करने में मदद करता है। कलेक्टर और CMHO ने जिले के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आंगनबाड़ी या स्वास्थ्य केंद्रों पर ले जाकर विटामिन ‘ए’, IFA सिरप और टीकाकरण करवाएं।
स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने कार्यक्षेत्र में सभी लक्षित बच्चों को यह सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। यह अभियान बच्चों के स्वास्थ्य और कुपोषण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















