नगर पंचायत अध्यक्ष की गिरफ्तारी से बवाल, समर्थकों ने थाना घेरा, सड़क जाम

महासमुंद जिले के तुमगांव से एक बड़ी खबर सामने आई है। नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू को पुलिस ने शनिवार सुबह 5:30 बजे उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। साहू के समर्थकों ने थाने का घेराव किया और बाजार बंद कराकर सड़कों पर चक्काजाम कर दिया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।

गौरतलब है कि बलरामकांत साहू ने एक दिन पहले शुक्रवार को पुलिस को ज्ञापन सौंपकर तुमगांव नगर क्षेत्र में कथित रूप से फल-फूल रहे जिस्मफरोशी के धंधे पर रोक लगाने की मांग की थी। लेकिन अगले ही दिन उनकी गिरफ्तारी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, कुछ महिलाओं ने साहू पर छेड़छाड़ और पेट्रोल डालकर घर जलाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इन शिकायतों के आधार पर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 351(3) (आपराधिक धमकी), 296 (अश्लील हरकत), 74 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से हमला), और 75(2) (यौन उत्पीड़न) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तारी के बाद तुमगांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। समर्थकों का कहना है कि साहू की गिरफ्तारी उनके द्वारा उठाए गए सामाजिक मुद्दे के जवाब में की गई है। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि कार्रवाई शिकायतों के आधार पर कानून के दायरे में की गई है। मामले की जांच जारी है, और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है।

यह घटना क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सामाजिक मुद्दों पर कार्रवाई की प्रक्रिया को लेकर चर्चा का विषय बन गई है।