रायपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन निश्चय’: हाईप्रोफाइल ड्रग्स तस्कर नव्या मलिक और अयान खान गिरफ्तार, 2 करोड़ से अधिक के ड्रग्स बरामद

रायपुर। रायपुर पुलिस ने ड्रग्स और सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी के रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुंबई से हाईप्रोफाइल ड्रग्स तस्कर नव्या मलिक को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 30 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। वहीं, राजधानी रायपुर से ड्रग्स तस्कर अयान खान को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, नव्या मलिक मुंबई और दिल्ली जैसे बड़े शहरों से ड्रग्स लाकर रायपुर के रसूखदार और बड़े कारोबारियों को सप्लाई करती थी। वह रायपुर और आसपास के इलाकों में हाईप्रोफाइल इवेंट्स, क्लबों की पार्टियों, और प्राइवेट आफ्टर-पार्टियों को निशाना बनाती थी। नव्या अपनी रिच लाइफस्टाइल, महंगे कपड़ों और बड़ी पार्टियों में शामिल होकर ग्राहकों को जोड़ती थी, जिसके जरिए उसने एक बड़ा ड्रग्स सिंडिकेट खड़ा किया था।

नव्या मलिक हाल ही में गिरफ्तार ड्रग्स तस्कर हर्ष आहूजा की करीबी सहयोगी थी। हर्ष की गिरफ्तारी के बाद नव्या का नाम सामने आया, जिसके बाद से वह फरार थी। पुलिस ने नव्या के कटोरा तालाब स्थित घर पर छापेमारी की थी, लेकिन वह वहां नहीं मिली। तीन पुलिस टीमें नव्या की तलाश में जुटी थीं, और आखिरकार उसे मुंबई में पकड़ा गया। नव्या ट्रेन के जरिए मुंबई और दिल्ली से ड्रग्स लाकर रायपुर में ग्राहकों की मांग के अनुसार सप्लाई करती थी।

पुलिस ने नव्या के मोबाइल फोन को तकनीकी जांच के लिए भेजा है, और डिलीट डेटा रिकवर कर उसके संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस जल्द ही नव्या से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर सकती है, जिससे कई बड़े चेहरों के सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

रायपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि पिंदर उर्फ पाब्लो, मनमोहन सिंह उर्फ गज्जू, हर्ष आहूजा, नव्या मलिक, और दिव्या जैन जैसे तस्करों की गिरफ्तारी के बाद शहर में ड्रग्स सप्लाई की चेन पूरी तरह टूट चुकी है। ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत अब तक 2 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के ड्रग्स बरामद किए जा चुके हैं, और कई तस्करों को जेल भेजा गया है।

पुलिस इस मामले में जल्द ही विस्तृत खुलासा करने की तैयारी में है। यह कार्रवाई नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस की सख्त नीति और प्रभावी रणनीति को दर्शाती है।