कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के विद्युत विभाग में कार्यरत उप अभियंता छबिलाल उरांव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर वार्ड पार्षद के साथ दुर्व्यवहार करने, शिकायतों का निराकरण न करने और कार्य के प्रति उदासीनता बरतने का आरोप है। आयुक्त आशुतोष पांडे ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए यह कार्रवाई की।
आयुक्त को प्राप्त शिकायत के अनुसार, उप अभियंता उरांव ने विद्युत संबंधी समस्याओं के बारे में पार्षद द्वारा की गई शिकायत पर न केवल असभ्य व्यवहार किया, बल्कि शिकायत का समाधान करने में भी लापरवाही दिखाई।
इसके अतिरिक्त,आयुक्त के नियमित भ्रमण के दौरान यह पाया गया कि दिन के समय भी स्ट्रीट लाइट्स जल रही थीं, जिससे ऊर्जा की बर्बादी और निगम को आर्थिक नुकसान हो रहा था। इस संबंध में उरांव को पहले ही कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनके जवाब को असंतोषजनक पाए जाने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई।
आयुक्त श्री पांडे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को जनप्रतिनिधियों और पार्षदों के साथ शालीनता से व्यवहार करना होगा। साथ ही, उनके द्वारा उठाई गई समस्याओं का त्वरित निराकरण करना अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही या दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि आयुक्त द्वारा नियमित रूप से वार्डों और बस्तियों का दौरा किया जा रहा है। इस दौरान यह भी सामने आया कि उप अभियंता उरांव अक्सर अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित रहते थे और अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर लापरवाही बरत रहे थे। इन सभी शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए निलंबन की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
आयुक्त ने निगम के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा, “पार्षदों और जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें और उनके द्वारा बताई गई समस्याओं का यथासंभव त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।”
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















