सिंगापुर बस्ती में स्वास्थ्य संकट , सूअर पालन केंद्र पर चला बुलडोजर

कोरबा। कोरबा के वार्ड नंबर 36 सिंगापुर बस्ती में पिछले कुछ सालों से एक युवक मकान बनाकर रहता था। फिर उसने वहां सूअर पालन शुरू कर दिया। युवक ने मकान में सुअर के रहने की जगह बना दी और खुद दूसरी जगह मकान बनाकर रहने लगा । चूंकि बीच बस्ती में सूअर पालन हो रहा था इस वजह से आसपास बदबू फैलने लगी और आसपास रहने वाले बच्चे-बूढ़े बीमार पडऩे लगे।

मीडिया में खबर आने के बाद निगम ने संज्ञान लिया और कार्यवाही कर अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। पिछले दो वर्षों से सिंगापुर बस्ती के रहवासी लगातार प्रशासन से उक्त जगह को हटाने की मांग कर रहे थे। कई आवेदन बस्ती वासियों द्वारा प्रशासन को दिए गए लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

बस्ती वासियों ने बताया कि निगम द्वारा कई बार महेश कलसे को नोटिस  दी गई थी कि वह किसी दूसरे जगह  सूअर पालन करे लेकिन उसने प्रशासन की नोटिस को गंभीरता से नहीं लिया।

जिस पर निगम की टीम आज सुबह यहां पहुंची। उसने पुलिस बल को अपने साथ रखा था। मौके पर कार्यवाही करते हुए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने इस कार्यवाही का स्वागत किया।