रीता शांडिल्य बनीं छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की अध्यक्ष    

रायपुर।छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) के अध्यक्ष पद पर सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी रीता शांडिल्य को नियुक्त किया गया है। राज्यपाल के आदेश पर सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। रीता शांडिल्य की नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी।

शुक्रवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी करते हुए स्पष्ट किया कि रीता शांडिल्य छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की सदस्य के रूप में नियुक्त की गई हैं और वे आयोग के अध्यक्ष के प्रशासकीय कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी। यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सेवा की शर्तें) विनियम 3 (2) के प्रावधानों के तहत की गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले डाक्टर प्रवीण वर्मा कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में आयोग का कार्यभार संभाल रहे थे।डाक्टर वर्मा की नियुक्ति पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सदस्य के रूप में हुई थी।

रीता शांडिल्य की नियुक्ति से आयोग के कार्यों में और अधिक गतिशीलता आने की उम्मीद है।