कोरबा। गांजा और दूसरे मादक पदार्थ के विरुद्ध कोरबा जिले में लगातार कार्रवाई करने के बाद पुलिस ने जिले को नशे के चंगुल से मुक्त कराने और सख्ती बरती है। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत कोरबा पुलिस द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने चरस तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को 16.8 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को टीपी नगर क्षेत्र में चरस की अवैध बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना पर नशे के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 2 आरोपियों को उनके ठिकानों से धर-दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम कुनाल सलुजा (24 वर्ष, निवासी टी.पी. नगर) और तुषार लालवानी (निवासी ट्रांसपोर्ट नगर) हैं।
आरोपियों से तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन नग चरस (16.8 ग्राम चपाती के रूप में), चरस बिक्री का लेखा-जोखा दर्ज एक डायरी, रोलिंग पेपर तथा फिल्टर टिप जैसा आपत्तिजनक सामान बरामद किया है।
इस मामले में थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 524 /2025 धारा 21(क्च) एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्यवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा भूषण एक्का, नगर पुलिस अधीक्षक विमल पाठक (आईपीएस), सीएसईबी चौकी प्रभारी एवं सायबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इससे पहले पुलिस ने बनारस से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हजारों नग नशीले इंजेक्शन बरामद किए थे। पुलिस ने कहा है कि किसी भी कीमत पर यहां उड़ता पंजाब जैसी स्थिति निर्मित नहीं होने दी जाएगी। अगर किसी के भी बारे में नशाखोरी को लेकर गंभीर शिकायत या सूचना मिलती है तो निश्चित रूप से प्रभावी कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर उनकी जानकारी में ऐसे मामले नजर आते है तो तत्काल सूचित करें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















