कोरबा जिले में एक कबाड़ व्यवसायी की करतूत सामने आई है,जो साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड(एसईसीएल) के कर्मचारियों के साथ मिलकर चोरी की लोहे की प्लेट, स्क्रैप,और एंगल खरीद रहा था। यह कबाड़ दुकान मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार बाईपास मार्ग पर संचालित हो रही थी। कबाड़ी चोरी का सामान राताखार के एक बड़े कबाड़ व्यापारी को बेच रहा था। मानिकपुर चौकी पुलिस ने वीडियो साक्ष्य के आधार पर छापा मारकर कबाड़ दुकान से मोटर और अन्य सामान जब्त किया है।
वीडियो साक्ष्य ने खोली पोल
हाल ही में सामने आए एक वीडियो में एसईसीएल के रजगामार क्षेत्र से चार कर्मचारी एक गाड़ी में मुड़ापार की कबाड़ दुकान के बाहर लोहा बेचते पकड़े गए। एक अन्य मामले में ढेलवाडीह से आए कर्मचारियों की गाड़ी कबाड़ दुकान के बाहर खड़ी थी, और उनकी एंट्री रजिस्टर में दर्ज थी। जब पुलिस ने इसकी जांच की तो कर्मचारियों ने दावा किया कि वे पहली बार आए थे। कबाड़ दुकान के संचालक तनवीर ने एसईसीएल कर्मचारियों से सामान खरीदने से इनकार किया, लेकिन पुलिस ने छापेमारी में चोरी का सामान जब्त कर लिया।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
इससे पहले भी मानिकपुर चौकी पुलिस और नगर निगम ने तनवीर की कबाड़ दुकान पर कार्रवाई की थी, जब राताखार से चोरी की बाइक बरामद हुई थी। इसके बावजूद कबाड़ी के हौसले बुलंद हैं, और वह चोरी का सामान खरीदने में लगा रहा। कुसमुंडा, ढेलवाडीह, गेवरा, और रजगामार जैसे एसईसीएल क्षेत्रों से गाड़ियां नियमित रूप से मुड़ापार की इस कबाड़ दुकान पर सामान बेचने आ रही थीं।
एसईसीएल प्रबंधन ने जांच के आदेश दिए
एसईसीएल के पीआरओ डॉ. सनीश चंद्र ने बताया कि क्षेत्रीय वर्कशॉप में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं, ताकि कोई अनाधिकृत सामान बाहर न जा सके। फिर भी, इस मामले की गंभीरता को देखते हुए नियमों के अनुसार जांच कराई जाएगी, और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
कबाड़ व्यवसाय पर सवाल
जबकि जिला प्रशासन कबाड़ व्यवसाय को बंद करने की बात कह रहा है, वहीं कबाड़ी खुले तौर पर चोरी का सामान खरीद रहे हैं। यह मामला एसईसीएल कर्मचारियों और कबाड़ियों की सांठगांठ को उजागर करता है, जिससे प्रबंधन और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















