चिकनीपाली और छिन्दपुर स्वास्थ्य केंद्रों को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण पत्र

कोरबा।कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में कोरबा जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधाएँ प्रदान की जा रही हैं।

इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में, करतला विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) चिकनीपाली और कटघोरा विकासखंड के उप स्वास्थ्य केंद्र छिन्दपुर को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है।

भारत सरकार की राष्ट्रीय गुणवत्ता टीम ने 30 और 31 जुलाई को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिकनीपाली के 6 विभागों में दी जा रही सुविधाओं और उनके रखरखाव की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में केंद्र ने 87.93 प्रतिशत अंकों के साथ राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को पूरा किया, जिसके लिए इसे NQAS प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसी तरह, कटघोरा विकासखंड के उप स्वास्थ्य केंद्र छिन्दपुर में 15 जुलाई को 7 अनिवार्य सेवा पैकेजों और उनके रखरखाव की गुणवत्ता का वर्चुअल निरीक्षण किया गया, जिसमें 86.86 प्रतिशत अंकों के साथ इसे भी NQAS प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया।

कलेक्टर अजीत वसंत और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने इस उपलब्धि पर करतला और कटघोरा विकासखंड के खंड चिकित्सा अधिकारियों, चिकनीपाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, छिन्दपुर उप स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारियों, कर्मचारियों, और जिला स्तरीय टीम को बधाई दी है। उन्होंने इस उपलब्धि को जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।