कोरबा। सिटी कोतवाली क्षेत्र में एक लघु व्यवसायी और उसके परिवार पर शराब पीने को लेकर हुए विवाद में मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
सुनालिया रेलवे फाटक के समीप दुकान चलाने वाले सुनील सरोज ने बताया कि सौभाग्य शर्मा नामक युवक ने उनकी दुकान पर आकर शराब पीने की जिद की और दुकान बंद करने की धमकी दी। सुनील के छोटे भाई ने इसका विरोध किया तो सौभाग्य ने अपने दोस्तों को बुलाकर न केवल भाई, बल्कि वहां पहुंचे सुनील के पिता के साथ भी मारपीट की।
घटना की शिकायत लेकर सुनील, उनके पिता और भाई जब कोतवाली थाना पहुंचे तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने शिकायत दर्ज करने के बजाय उन्हें यह कहकर लौटा दिया कि पहले घायलों का इलाज करवाएं।
सुनील ने बताया कि सौभाग्य शर्मा पहले भी कई बार ऐसी हरकतें कर चुका है और उन्हें गांजा-शराब के फर्जी केस में फंसाने की धमकी देता रहता है। सुनील ने आशंका जताई कि सौभाग्य की हरकतें उनके परिवार के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं।
उन्होंने शासन-प्रशासन से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कोई अनहोनी होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर रोष जताया है और पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाए हैं। इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

