शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, गोयल हुंडई कर्मचारी पर FIR दर्ज

कोरबा जिले में एक युवती के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने रायगढ़ जिंदल रोड स्थित गोयल हुंडई शोरूम में कार्यरत दिनेश जारदार (32 वर्ष) पर शादी का झांसा देकर 5-6 साल तक शारीरिक और आर्थिक शोषण का आरोप लगाया है। रायगढ़ थाने में शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 69 और 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता रायगढ़ जिले के गोकुल घाम कॉलोनी, बड़ा रामपुर की निवासी है और मार्च 2019 से गोयल हुंडई शोरूम में कार्यरत है। इसी दौरान उसका उसी शोरूम में कार्यरत दिनेश जारदार के साथ प्रेम प्रसंग शुरू हुआ। पीड़िता का आरोप है कि दिनेश ने शादी का वादा कर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके अलावा, आरोपी ने शादी जल्द करने का झांसा देकर बिजनेस शुरू करने के नाम पर पीड़िता से 4 लाख रुपये भी ऐंठ लिए।

जब पीड़िता ने शादी की बात को गंभीरता से उठाया, तो दिनेश ने पहले टालमटोल की और बाद में शादी से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी। हताश और परेशान पीड़िता ने अंततः रायगढ़ थाने में शिकायत दर्ज की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

यह मामला कोरबा और रायगढ़ क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोग इस घटना पर आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं और पुलिस से जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ने की मांग कर रहे हैं।