नशे में धुत युवक को “दीदी ठेला” ने सिखाया सबक, चप्पलों से पीटकर दिया करारा जवाब

कोरबा । जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बुधवारी बाईपास रोड पर एक साहसी महिला ने नशे में धुत युवक की बदतमीजी का करारा जवाब दिया। स्थानीय लोग इस महिला को “दीदी ठेला” के नाम से जानते हैं, जो अपने ठेले पर चाय-नाश्ते की दुकान चलाती हैं। कुछ दिन पहले हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन “दीदी ठेला” अपने ठेले पर काम कर रही थीं, जब एक नशे में धुत युवक वहां पहुंचा। उसने महिला से गाली-गलौज शुरू की और अश्लील इशारे किए। महिला ने उसकी हरकतें बर्दाश्त न करते हुए उसका कॉलर पकड़ा, जमकर डांट लगाई और चप्पलों से चार बार पीटा। मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जिसमें युवक बार-बार माफी मांगता और महिला के पैर छूता नजर आ रहा है।

बार-बार की बदतमीजी से तंग थीं महिला

महिला ने बताया कि यह पहली बार नहीं था जब इस युवक ने बदतमीजी की। इससे पहले भी वह कई बार नशे में उनकी दुकान पर आकर अशोभनीय हरकतें कर चुका था। उन्होंने इसकी शिकायत कई बार मानिकपुर चौकी में दर्ज कराई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरन उन्हें खुद ही यह कदम उठाना पड़ा।

“दीदी ठेला” की कहानी

महिला ने बताया कि शादी के कुछ साल बाद ससुराल में विवाद के कारण वह अपने मायके लौट आईं। तब से वह अपनी बूढ़ी मां और बड़ी बहन के साथ रह रही हैं। परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए उन्होंने करीब 20 साल पहले ठेले पर दुकान शुरू की थी। मेहनत और साहस के दम पर वह आजीविका चला रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज में उन्हें कई चुनौतियों और तानों का सामना करना पड़ता है, लेकिन वह हर मुश्किल से डटकर मुकाबला करती हैं।

इलाके में हिम्मत की तारीफ

इस घटना के बाद स्थानीय लोग “दीदी ठेला” की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं। वहीं, वायरल वीडियो ने पुलिस-प्रशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद नशेड़ी युवकों पर कार्रवाई न होना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है।

पुलिस की चुप्पी

इस मामले में अभी तक मानिकपुर चौकी या जिला पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वायरल वीडियो ने एक बार फिर यह सवाल उठाया है कि क्या अब प्रशासन इस घटना को गंभीरता से लेगा और नशे में उत्पात मचाने वालों के खिलाफ ठोस कदम उठाएगा?